विधायक ने बच्चों को पोलियो पिलाकर अभियान का किया शुभारंभ
— 7.07 लाख बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य
लखनऊ। पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को वीरांगना अवंतीबाई जिला महिला चिकित्सालय से किया गया। अभियान का उद्घाटन उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ.नीरज बोरा ने बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया। इस अवसर पर विधायक डॉ.नीरज बोरा ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ,सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण जन स्वास्थ्य पहल है। पोलियो जैसी गंभीर एवं आजीवन दिव्यांगता का कारण बनने वाली बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, चाहे बच्चे को पहले कई बार पोलियो की दवा दी जा चुकी हो। उन्होंने कहा कि इस अभियान से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए।
सीएमओ डॉ. एन.बी. सिंह ने कहा कि सघन पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पोलियो की दो बूंदें पूरी तरह सुरक्षित,प्रभावी और निशुल्क हैं तथा बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अपर सीएमओ डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के 7.07 लाख बच्चों को मॉप अप राउंड के दौरान दवा पिलाई जाएगी।पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिन जनपद के 2,783 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। जो बच्चे दवा पीने से रह जाएंगे उन्हें छह जुलाई को माप अप राउंड में दवा पिलाई जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
