वरिष्ठ अधीक्षक के नेतृत्व में लखनऊ जेल में निकली तिरंगा यात्रा
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने ‘हर घर तिरंगा’ के तहत घरों पर झंडा फहराने के दिए निर्देश
सिराज, मोहनलालगंज संवाददाता
मोहनलालगंज, लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व संध्या के अवसर पर शुक्रवार को जिला कारागार लखनऊ में भी देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। शुक्रवार को वरिष्ठ अधीक्षक आर के जायसवाल के नेतृत्व में कारागार परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में कारागार के अधिकारी, कर्मचारी और बंदियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कारागार प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कारागार के द्वितीय द्वार से किया गया। वहां से यात्रा गिरदा प्रांगण होते हुए चक्र संख्या-05, चक्र संख्या-03, चक्र संख्या-02, चक्र संख्या-01 और चक्र संख्या-04 से गुजरी। इसके बाद यात्रा महिला परिसर पहुंची और अंत में कारागार के मुख्य द्वार पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल था। सभी चक्रों में बंदियों ने पुष्प बरसाकर तिरंगे का स्वागत किया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों से कारागार परिसर गूंज उठा। बंदियों के चेहरे पर उत्साह और जोश साफ दिखाई दे रहा था।
.jpeg)
यात्रा की समाप्ति के बाद वरिष्ठ अधीक्षक आर.के. जायसवाल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाना है। उन्होंने सभी को 15 अगस्त के अवसर पर अपने-अपने घरों पर अनिवार्य रूप से तिरंगा झंडा फहराने का निर्देश दिया। साथ ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जेलर ऋतिक प्रियदर्शी, सुनील दत्त मिश्र, अभय कुमार शुक्ल सहित समस्त डिप्टी जेलर, बन्दीरक्षक और बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। कारागार प्रशासन ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से बंदियों में सकारात्मक सोच और देशभक्ति की भावना बढ़ती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
