यूनियन इंटर कॉलेज से निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति में डूबा रामनगर
दो कॉलेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, घरों और दुकानों से हुई पुष्पवर्षा
मनोज शर्मा, बाराबंकी संवाददाता
- राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा रामनगर
रामनगर/बाराबंकी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की अगुवाई में शुक्रवार को यूनियन इंटर कॉलेज से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए थाने तक पहुंची। इसी दौरान कस्बे के दूसरे छोर पर स्थित रामनगर डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं की यात्रा भी इसमें शामिल हो गई। दोनों कॉलेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। रास्ते में घरों और दुकानों से लोगों ने यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। दो घंटे से अधिक समय तक चली यात्रा में युवाओं का उत्साह और जोश देखते ही बना। खास बात यह रही कि उत्साह के साथ पूरे आयोजन में अनुशासन भी नजर आया।
यात्रा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा केपी तिवारी ने कहा, "मेरे युवा साथियों, आज हर घर तिरंगा यात्रा में आप सभी के उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को देखकर मन गर्व से भर गया है। हाथों में तिरंगा, दिल में देशभक्ति और कदमों में अनुशासन—यही भारत के युवा की पहचान है।"
उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल जैसे अनगिनत क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आजादी के बाद भी वीर अब्दुल हमीद जैसे जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी उम्र भले कम रही हो, लेकिन उनका हौसला और राष्ट्र के प्रति समर्पण आसमान से भी ऊंचा था। आज के युवाओं में भी वही ऊर्जा, साहस और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा दिखाई देता है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश का भविष्य उनके हाथों में है। उनकी ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति ही विकसित एवं शक्तिशाली भारत की सबसे बड़ी ताकत है। इस अवसर पर यूनियन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कमलेश सिंह, डिग्री कॉलेज के प्राचार्य कौशलेन्द्र विक्रम मिश्र, सिद्धार्थ अवस्थी, डॉ. आजाद प्रताप सिंह, अनमोल तिवारी, रविकांत पांडेय, पवन ओझा, विश्वेत मिश्रा, शिवेंद्र राजा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
