अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला से 60 हजार ऐंठे
पति को भेजा वीडियो
सिराज, मोहनलालगंज संवाददाता
- 90 हजार रुपये और मांगे, बच्चों को जान से मारने की भी दी धमकी,पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
मोहनलालगंज , लखनऊ। पति के दुबई में नौकरी करने के दौरान बच्चों के साथ अकेली रह रही महिला को युवक ने अपने जाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 60 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोपी यहीं नहीं रुका और 90 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग करते हुए रुपये न देने पर अश्लील वीडियो महिला के पति को भेज दिया। इसके साथ ही बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर मोहनलालगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को मगंलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह के मुताबिक मोहनलालगंज क्षेत्र के एक गांव में किराये पर रहने वाली महिला ने सोमवार को पुलिस को तहरीर देते हुये बताया था उसका पति दुबई में नौकरी करता है और वह बच्चों के साथ अकेली रहती है। करीब एक वर्ष पहले मोबाइल फोन के जरिए उसकी बातचीत बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के मीरपुर निवासी जव्वाद उर्फ जावेद से शुरू हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं। इसी दौरान आरोपी ने महिला का अश्लील वीडियो बना लिया।
महिला का आरोप है कि वीडियो उसके पास होने की बात कहकर आरोपी उसे लगातार धमकाने लगा और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 60 हजार रुपये वसूल लिए। इसके बाद आरोपी ने 90 हजार रुपये और मांगे। महिला ने जब रकम देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो पति को भेज दिया। इसके बाद भी आरोपी धमकी देता रहा और रुपये नहीं देने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट, वसूली समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी जव्वाद उर्फ जावेद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लैपटॉप और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी को बुद्धवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
