आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने निरीक्षण कर बाढ़ बचाव एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों की स्थिति का लिया जायजा
बस्ती - आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने शुक्रवार को जनपद बस्ती में अतिसंवेदनशील कटरिया-चांदपुर तटबंध, गौरा-सैफाबाद तटबंध तथा उमरिया रिंग बंध का निरीक्षण कर बाढ़ बचाव एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उमरिया रिंग बंध के किमी 0.400 एवं किमी 0.700 पर निर्मित स्पर का निरीक्षण किया गया। मौके पर पाया गया कि घाघरा नदी की मुख्य धारा तटबंध से सटकर दबाव बनाते हुए प्रवाहित हो रही है। इससे तटबंध की सुरक्षा के दृष्टिगत बाढ़ बचाव कार्य कराए जा रहे हैं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में बाढ़ बचाव सामग्री उपलब्ध रखते हुए तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कटरिया-चांदपुर तटबंध के किमी 4.300 पर स्थित बाढ़ चौकी एवं स्टोर का निरीक्षण किया गया। यहां बाढ़ बचाव के लिए परक्यूपाइन, ब्रिक रोड़ा, गैबियन रोप, ईसी बैग, जियो बैग एवं वायर क्रेट सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध पाई गई।अधिशासी अभियंता बाढ़ कार्य खंड-प्रथम, बस्ती द्वारा अवगत कराया गया कि 14 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे शारदा, गिरिजा एवं सरयू बैराज का कुल डिस्चार्ज 212154 क्यूसेक था। अयोध्या पुल पर घाघरा नदी का गेज 92.540 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 19 सेंटीमीटर नीचे है।
आयुक्त ने निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों को और अधिक मजबूत एवं सुरक्षित करते हुए तटबंधों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में रिजर्व स्टॉक, टीएंडपी, श्रमिक आदि तैयार रखें। रात्रि में निगरानी एवं आवश्यक कार्यों के लिए प्रकाश की समुचित व्यवस्था तथा जनरेटर आदि की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त, अधीक्षण अभियंता गंडक बाढ़, अधिशासी अभियंता बाढ़ कार्य खंड-प्रथम, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
