75 हजार दीपों से जगमगाया बिजनौर, गंगा बैराज पर गूंजा सेवा का संदेश
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं ने शुभकामनाएं देते हुए की दीर्घायु की कामना
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। संकल्प सेवा अभियान के तहत गुरुवार को जनसहभागिता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिले के विभिन्न निर्धारित स्थलों पर 75 हजार आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित कर सेवा, सद्भावना और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। दीपों की रोशनी से शहर से लेकर गंगा तट तक वातावरण आध्यात्मिक और उत्सवी रंग में रंग गया।
गंगा बैराज पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी जसजीत कौर, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। बैराज पर 10 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। इसके बाद विधिवत गंगा पूजन और गंगा आरती हुई, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अभियान के तहत जनपद के अन्य 26 निर्धारित स्थलों पर भी जनसहभागिता के साथ 2,500-2,500 दीप प्रज्वलित किए गए। इस तरह जिलेभर में कुल 75 हजार दीपों ने सेवा और सामाजिक एकजुटता की रोशनी बिखेरी।
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस भी होने के कारण कार्यक्रम में विशेष उत्साह दिखाई दिया। बुजुर्गों ने प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया, जबकि बच्चों और युवाओं ने शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संकल्प सेवा अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा। इसके अंतर्गत जिले में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां जनसहभागिता के साथ आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की गतिविधियों से जोड़ना है। गंगा बैराज पर मौजूद लोगों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने तथा अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब 03 वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट एडिटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
