वैश्विक मंच पर गूंजेगा कौशाम्बी के मुंगौड़े का स्वाद, 80 देशों के खरीदारों के सामने लाइव बनेगा पारंपरिक व्यंजन
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना के तहत मुंगौड़े का चयन
कौशाम्बी। जिले के पारंपरिक और प्रसिद्ध मूंग आधारित व्यंजन मुंगौड़ा को अब अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण में कौशाम्बी के मुंगौड़े का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। ‘एक जनपद एक व्यंजन’ (ओडीओपी) योजना के तहत जिले के इस पारंपरिक व्यंजन को वैश्विक मंच पर लाइव शो के लिए चुना गया है। इससे स्थानीय उत्पाद को देश-विदेश के बाजार तक पहुंचाने और इससे जुड़े रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार ने बताया कि 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन होगा। इसमें उत्तर प्रदेश की कला, उद्योग, कृषि, शिक्षा, चिकित्सा और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। ट्रेड शो में 80 से अधिक देशों के अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है।
लाइव तैयार होगा कौशाम्बी का मुंगौड़ा
इस आयोजन में कौशाम्बी के उद्यमी सौरभ गुप्ता, बेनीराम कटरा का चयन मुंगौड़े के लाइव प्रदर्शन के लिए किया गया है। वह ट्रेड शो में विशेष स्टाल लगाकर देश-विदेश से आने वाले मेहमानों के सामने मौके पर मुंगौड़ा तैयार करेंगे। इसके जरिए कौशाम्बी के पारंपरिक स्वाद, उसकी विशेषता और स्थानीय खाद्य उत्पाद की गुणवत्ता से अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को परिचित कराया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग ने कहा कि मुंगौड़े को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। लाइव प्रदर्शन से जहां स्थानीय व्यंजन की ब्रांडिंग होगी, वहीं मूंग की खेती और उससे जुड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिल सकता है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो को ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने वाला प्रमुख मंच माना जा रहा है। आयोजन के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, कृषि नवाचारों, हस्तशिल्प और व्यापारिक मॉडलों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कौशाम्बी के उद्यमियों और व्यापारियों के लिए भी यह अपने उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उपायुक्त उद्योग ने जिले के लघु, मध्यम एवं बड़े उद्यमियों, व्यापारियों, हस्तशिल्पियों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य इच्छुक लोगों से ट्रेड शो में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने स्थानीय उत्पादों को प्रस्तुत कर उद्यमी अपने कारोबार के विस्तार की संभावनाएं तलाश सकते हैं।
उद्यमी सौरभ गुप्ता ने मुंगौड़े के लाइव प्रदर्शन के लिए चयन पर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह इंडिया एक्सपो मार्ट में कौशाम्बी के पारंपरिक मुंगौड़े की शुद्धता और अनूठे स्वाद को पूरी दुनिया के सामने बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने के लिए तैयार हैं।
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
