टेलीग्राम पर गेम में मुनाफे का झांसा देकर युवक से ठगे 1.75 लाख
जयपुर। राजधानी के भट्टाबस्ती थाना इलाके में टेलीग्राम पर पार्ट टाइम काम और गेम में मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
ठगों ने पहले प्रतिदिन दो सौ से पांच सौ रुपए कमाने का लालच दिया। इसके बाद गेम में रुपए जमा कराने पर मुनाफा देने की बात कहकर टास्क पर टास्क दिए और रकम जमा कराते रहे।
फंसी रकम वापस निकालने के लालच में पीड़ित करीब 1.75 लाख रुपए गंवा बैठा। पुलिस शिकायत करने की बात कहने पर ठगों ने उसे ब्लॉक कर दिया। मामले में भट्टाबस्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
एसएचओ भट्टाबस्ती सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि शास्त्री नगर के विजय नगर निवासी इमरान खान (36) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार 29 अगस्त को टेलीग्राम पर पार्ट टाइम काम का मैसेज आया।
इसमें प्रतिदिन दो सौ से पांच सौ कमाने की बात कही गई थी। मैसेज में दिए लिंक पर क्लिक करने पर उसे एक ग्रुप से जोड़ दिया गया।
ग्रुप में बताए गेम में कहा गया कि 2 हजार रुपए जमा करने पर 2500 रुपए मिलेंगे। पीड़ित ने रकम जमा कर दी, लेकिन टास्क पूरा नहीं हुआ। इसके बाद उसे मैसेज भेजकर टास्क पूरा करने के लिए 26,995 रुपए जमा कराने को कहा गया।
इसके बाद ठगों ने अलग-अलग टास्क के नाम पर रकम जमा कराने का सिलसिला शुरू कर दिया। पीड़ित से 58,600 रुपए और जमा कराने को कहा गया।
रुपए नहीं होने पर ठगों ने किसी से व्यवस्था करने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि 10 मिनट में टास्क पूरा होते ही 1,06,550 रुपए मिल जाएंगे।
पीड़ित ने झांसे में आकर रकम जमा करा दी। इसके बाद उसे एक और टास्क देकर 85,600 रुपए जमा कराने को कहा गया।
मना करने पर ठगों ने बताया कि टास्क पूरा होते ही उसके खाते में 2.06 लाख रुपए आएंगे। फंसी रकम वापस पाने के लालच में पीड़ित ने यह रकम भी जमा करा दी।
लगातार रकम जमा कराने के बाद भी पैसे वापस नहीं मिले। ठग नए टास्क देकर भुगतान करने का दबाव बनाते रहे। परेशान होकर पीड़ित ने गेम खेलना बंद कर दिया।
15 सितंबर को सुबह उसे टास्क पूरा करने के लिए कॉल आया। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे ब्लॉक कर दिया।
इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने भट्टाबस्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर टेलीग्राम ग्रुप, मोबाइल नंबर और लेन-देन से जुड़े विवरण के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
