कार्ययोजना बनाएं, लक्ष्य पाएं; पात्रों को दे योजनाओं का लाभ: प्रभारी मंत्री
संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बांटी जाएं राहत किट
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जनपदीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक तथा अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर प्रभारी मंत्री ने दोनों अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए। साथ ही गौशालाओं का माह में कम से कम एक बार औचक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष जोर
.jpeg)
प्रभारी मंत्री ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उप जिलाधिकारी चांदपुर ने बताया कि चार-पांच गांव प्रभावित हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में राहत किट का वितरण कराया जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय से सहायता मिल सके।
उन्होंने जल निगम ग्रामीण के कार्यों की जांच के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामों में निर्मित पानी की टंकियों, बिछाई गई पाइपलाइनों तथा पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की कराई गई मरम्मत का सत्यापन कराया जाए।
हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी पर जोर
प्रभारी मंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान को आमजन एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सफल बनाने की अपील की। उन्होंने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन देश के इतिहास को स्मरण करने और उससे सीख लेने का अवसर है।
एमएलसी अशोक कटारिया ने अधिकारियों से किसानों एवं आमजन के हित में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने को कहा। उन्होंने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
नहटौर विधायक ओम कुमार ने नहटौर-नगीना मार्ग का निरीक्षण कराने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की। जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह ने कार्बन क्रेडिट योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और इसके क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया।
18 स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण पूरा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 18 स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण कराया जा चुका है, जबकि अन्य 18 उपकेंद्रों के लिए भूमि चिन्हित कर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, वृक्षारोपण अभियान, कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण, एनआरएलएम, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग, सहकारिता, सिंचाई विभाग तथा नमामि गंगे सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
अंत में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अक्षरशः एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान, नहटौर विधायक ओम कुमार, धामपुर विधायक अशोक राणा, एमएलसी अशोक कटारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष इन्दिरा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
