सुखबीर बादल की जान बचाने वाले इंस्पेक्टर को हरसिमरत ने किया सलाम
हमलावर और सुखबीर के बीच ढाल बने इंस्पेक्टर की सराहना
- घायल इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के दौरान उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे की बहादुरी की सराहना की है।
हरसिमरत कौर बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि वह इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे को उनके साहस और वीरता के लिए सलाम करती हैं। उन्होंने कहा कि संतोष केंद्रे हमलावर और सुखबीर सिंह बादल के बीच मानव ढाल बनकर खड़े हो गए और अपनी जान की परवाह किए बिना उनकी सुरक्षा की।
उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर केंद्रे ने यह साबित किया कि वर्दी पहनने का वास्तविक अर्थ क्या है-अपने स्वार्थ से पहले कर्तव्य और डर से पहले साहस को रखना। बादल परिवार की ओर से इंस्पेक्टर के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए हरसिमरत ने कहा कि उनकी बहादुरी को कभी भुलाया नहीं जाएगा।
हरसिमरत कौर बादल ने घायल इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि वाहेगुरु उन्हें जल्द स्वस्थ करें। उन्होंने नांदेड़ के यशोसाई अस्पताल के डॉक्टरों और पूरे स्टाफ का भी विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने लगातार सेवा करते हुए परिवार को मुश्किल समय में हिम्मत और सहारा दिया।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
