शहीदों की धरती पर अतिक्रमण का साया, महोबा के ऐतिहासिक हवेली दरवाजा मैदान को संरक्षण की दरकार
महोबा। वीरभूमि महोबा का इतिहास शौर्य, संघर्ष और बलिदान की गौरवगाथाओं से भरा हुआ है। इसी ऐतिहासिक विरासत का एक महत्वपूर्ण अध्याय हवेली दरवाजा मैदान भी है, जिसे प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 के दौर में शहीद हुए वीर क्रांतिकारियों की स्मृति से जोड़ा जाता है। कहा जाता है कि अंग्रेजी हुकूमत ने अदम्य साहस और देशभक्ति का परिचय देने वाले 16 वीर क्रांतिकारियों को इसी स्थान पर सामूहिक रूप से फांसी दी थी।
आज वही ऐतिहासिक स्थल अपने अस्तित्व और पहचान को बचाने के लिए संघर्ष करता नजर आ रहा है। हवेली दरवाजा मैदान पर बढ़ता अतिक्रमण और उपेक्षा न केवल शहर की ऐतिहासिक धरोहर को प्रभावित कर रही है, बल्कि उन वीर शहीदों की स्मृति के साथ भी अन्याय है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान को आने वाली पीढ़ियों के लिए शहीद स्मारक और प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए था, वहां आज व्यवस्थित संरक्षण का अभाव दिखाई देता है। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो अतिक्रमण की वजह से इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान धीरे-धीरे समाप्त होने का खतरा है।
शहीद स्थल को मिले उसका सम्मान
महोबा के नागरिकों की मांग है कि हवेली दरवाजा मैदान का राजस्व एवं ऐतिहासिक अभिलेखों के आधार पर सीमांकन कराया जाए, अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कराकर उसे हटाया जाए और पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण कराया जाए। साथ ही यहां 1857 के वीर क्रांतिकारियों की स्मृति में एक भव्य शहीद स्मारक, सूचना पट्ट एवं ऐतिहासिक विवरण स्थापित किया जाए, ताकि देश-दुनिया से महोबा आने वाले लोग इस गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सकें।
महोबा की पहचान केवल ऐतिहासिक इमारतों और कजली मेले तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की मिट्टी में आजादी के संघर्ष और वीरों के बलिदान की कहानियां भी दफन हैं। हवेली दरवाजा मैदान को अतिक्रमण से मुक्त कर संरक्षित करना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपने इतिहास और शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सवाल यह है कि जिन 16 वीरों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, क्या उनके बलिदान की निशानी को हम अतिक्रमण और उपेक्षा के हवाले छोड़ सकते हैं? अब जरूरत है कि प्रशासन इस ऐतिहासिक स्थल की स्थिति का संज्ञान लेकर ठोस कदम उठाए और हवेली दरवाजा मैदान को उसका खोया हुआ गौरव वापस दिलाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
नितिन नामदेव को पत्रकारिता क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है और वह उत्तर प्रदेश के महोबा क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। समाचार लेखन और रिपोर्टिंग में सक्रिय रहते हुए उन्होंने क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में कार्यरत हैं।
