पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सुशांत गोल्फ इलाके का मामला
- 1.963 किलो गांजा बरामद
गोसाईगंज लखनऊ। सुशान्त गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 963 ग्राम अवैध गांजा, 614 ग्राम पैकिंग पन्नी, एक डिजिटल वेट मशीन तथा घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार एवं सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक सुशान्त गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। 25 अगस्त 2026 को पैराडाइज डायमंड-2 के आगे तिराहे पर चेकिंग के दौरान अवध विहार योजना की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को पुलिस ने रोककर पूछताछ और तलाशी ली। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल के बीच रखे बैग की तलाशी लेने पर दो अलग-अलग पैकेटों में कुल 1.963 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से गांजा की पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली 614 ग्राम पैकिंग पन्नी और गांजा तौलने की डिजिटल वेट मशीन भी बरामद हुई। बरामदगी के संबंध में थाना सुशान्त गोल्फ सिटी में मु0अ0सं0-578/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
