जूनियर असिस्टेंट अभ्यर्थियों का प्रदर्शन,रिजल्ट जारी कर नियुक्ति की मांग
पिकप भवन पर इकट्ठा होकर की नारेबाजी
- आर्थिक स्थिति खराब होने का दिया हवाला
लखनऊ। सोमवार को पीकअप भवन पर यूपीएसएसएससी की जूनियर असिस्टेंट भर्ती के अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। 5512 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम चार साल बाद भी जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने जल्द रिजल्ट जारी कर नियुक्ति देने की मांग की। अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबे समय से नौकरी का इंतजार करने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो रही है।
अभ्यर्थियों के हाथ में मौजूद टाइमलाइन के मुताबिक जूनियर असिस्टेंट के 5512 पदों की भर्ती प्रक्रिया लंबी खिंचती चली गई। पोस्टर में सबसे पहले अक्टूबर 2022 में यूपीएसएसएससी पीईटी, इसके बाद 4 अगस्त 2022 को भर्ती विज्ञापन, 24 मार्च 2024 को शॉर्टलिस्टिंग और 29 जून 2024 को लिखित परीक्षा का उल्लेख था। इसके बाद आयोग की ओर से 7 अक्टूबर 2025 को टाइपिंग की कटऑफ और 8 अक्टूबर 2025 को टाइपिंग परीक्षा की तारीख जारी की गई।
टाइपिंग परीक्षा 23 नवंबर से 17 दिसंबर 2025 तक चली। अभ्यर्थियों की ओर से लगाए गए पोस्टर में टाइपिंग परीक्षा के बाद 25-26 फरवरी 2026 को परिणाम जारी होने का उल्लेख किया गया है। इसके बाद 8 मई 2026 से 8 जुलाई 2026 तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का चरण पूरा होने की जानकारी दी गई है।अभ्यर्थियों ने कहा कि सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद भी फाइनल रिजल्ट जारी न होना नियुक्ति न मिलना बेहद अफसोस की बात है।
जौनपुर से आए अभ्यर्थी विवेक ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक अंतिम परिणाम का इंतजार है। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से नौकरी का इंतजार करने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को और लंबा न खींचने और जल्द परिणाम जारी कर नियुक्ति पूरी करने की मांग की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
