सागर में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा गढ़ाकोटा रोड पर हुआ।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसे में मृतक की पहचान सिदगुवां निवासी अर्जुन सौर (25) पुत्र बबलू सौर के रूप में हुई है। अर्जुन सिदगुवां स्थित एक क्रेशर में कर्मचारी था।
सोमवार को वह बाइक से अपने काम पर जा रहा था। इसी दौरान गढ़ाकोटा रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर बहेरिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बहेरिया थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हुई है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रक के पंजीयन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
