चलती कार में लगी आग, दरवाजा लॉक होने से अधेड़ की जिंदा जलकर मौत
बघौरा गांव के पास नहर पर हादसा, वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के बाद कार बनी आग का गोला, पुलिस ने शव बाहर निकाला
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के सफदरगंज थानाक्षेत्र रविवार काे चलती कार में आग लगने से 50 वर्षीय व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। कार का दरवाजा लाॅक हाे जाने के कारण चालक बाहर नहीं निकल सका और वह आग में जिंदा जल गया।सूचना पर सफदरगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया।इसके बाद पुलिस ने जले शव काे बाहर निकाला।
सफदरगंज थाना प्रभारी अमर चौरसिया ने बताया कि राजनारायण वर्मा बाराबंकी से अपने गांव बरियापुर लौट रहे थे। बघौरा गांव के पास नहर पर पहुंचते ही कार के निचले हिस्से की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके बाद कार से धुआं निकलने लगा। राजनारायण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। आग लगने के दौरान कार का दरवाजा लॉक हो गया था। राजनारायण ने बाहर निकलने का प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हो सके। आग तेजी से फैलने के कारण वह कार के अंदर ही फंस गए और कुछ ही देर में गंभीर रूप से झुलसने से उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सफदरगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कार के अंदर राजनारायण का जला हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर काफी देर तक ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
सफदरगंज थाना प्रभारी अमर चौरसिया ने बताया कि घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर कार और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और कार का दरवाजा लॉक होने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
