जलभराव की समस्या होने पर तुरंत दर्ज कराएं शिकायत
नगर निगम ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
- मानसून का आगमन पर सतर्कता
लखनऊ। शहर में मानसून आते ही नगर निगम लखनऊ ने जलभराव की संभावित स्थितियों से निपटने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि यदि शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है, तो वे तुरंत नगर निगम द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।
नगर आयुक्त ने बताया कि मानसून के दौरान अक्सर निचले इलाकों, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव की शिकायतें आती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होता है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। शिकायत मिलते ही संबंधित क्षेत्र की टीम को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि “शहरवासियों की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश के मौसम में यदि समय रहते शिकायतें प्राप्त हो जाएं, तो उन्हें तत्काल हल किया जा सकता है और बड़ी समस्याओं से बचा जा सकता है।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समस्या को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर पोस्ट करने की बजाय सीधे हेल्पलाइन पर संपर्क करें, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। नगर निगम की टीमों को नालों की नियमित सफाई, पंपिंग स्टेशन की निगरानी और पानी की निकासी व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सभी जोनों के जोनल अधिकारी अपने क्षेत्र में तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
यहां दर्ज कराये शिकायत
🔸 टोल-फ्री नंबर: 1533
🔸 मोबाइल नंबर:
• 9219902911
• 9219902912
• 9219902913
• 9219902914
इन नंबरों के माध्यम से नगर निगम सीमा क्षेत्र में किसी भी स्थान पर जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, नालों की सफाई, रास्ता अवरुद्ध होना, या अन्य बारिश जनित समस्याओं के लिए शिकायत दर्ज की जा सकती है।
टिप्पणियां