बालिका का शव फंदे पर लटकता मिला, पिता पर हत्या का आरोप
बांदा। एक बालिका का शव बगीचे में लगे आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फंदे पर लटकता मिला। मौत की खबर मिलते ही घरवालो में कोहराम मच गया। मृतका के मामा ने पिता, बाबा, चाचा, पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फॅारेसिक टीम ने जांच पड़ताल किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बदौसा थाना क्षेत्र के पौहार गांव के मजरा क्योटन पुरवा निवासी 11 वर्षीय नंदनी पुत्री रामनारायन का शव गुरूवार की दोपहर गांव के बाहर बागे नदी के पास लगे बगीचे में आम के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। ग्रामीणों ने देखा तो परिजनो को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
मृतका के मामा रामकुमार निवासी औगासी ने बताया कि उसकी बहन शोभा की शादी ग्यारह वर्ष पहले हुई थी। शादी के एक माह बाद रामनारायण ने शोभा के सिर पर लोहे की राड मार दिया था। तब से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। वह ज्यादातर अपने मायके में रहती थी। ससुराल भी आती जाती थी। उसके दो बेटी एक बेटा हैं। इन दिनो शोभा अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। रामनारायण तीन माह पहले वापी से गांव आया था। वह जुआ और शराब का लती है। वह दस दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चों को मायके से गांव लिवा लाया था।
बुधवार को नंदनी ने अपनी नानी मैकी को फोन पर बताया था कि पिता ने उसे मारा पीटा है। वह आकर उसे लिवा ले जाए। रामकुमार ने आरोप लगाया है कि पिता बाबा और चाचा नंदनी को आम तोड़ने के लिए बगीचा लिवा ले गए। वहीं पर उसकी हत्या कर दी। आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटका दिया। रामकुमार ने आशंका जताई है कि नंदनी के पिता के एक महिला से सम्बंध हैं। नंदनी ने उस महिला के साथ देख लिया। इसी बात से नाराज होकर नंदनी की हत्या कर दी गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष बदौसा सुभाष चंद्र ने बताया कि मृतका के ननिहाल वाले गला दबा कर मार डालने का आरोप लगा रहे हैं। प्रथम दृष्ट्या उसकी फांसी से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई समाने आएगी।
टिप्पणियां