राम सागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय में कुल्हा प्रत्यारोपण शुरू
डॉक्टरों ने दी बाइपोलर कूल्हा प्रत्यारोपण की सलाह
लखनऊ। बक्शी का तालाब स्थित राम सागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय में कुल्हा प्रत्यारोपण शुरू हो गया है। शुक्रवार को अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीज के एक तरफ का कूल्हा प्रत्यारोपण करने में कामयाबी हासिल की है। डॉक्टरों का दावा है कि अस्पताल में पहली बार कूल्हा प्रत्यारोपण किया गया है। प्रत्यारोपण के बाद मरीज की तबीयत में सुधार है।
बाराबंकी के ग्राम कोढ़वा निवासी कल्लू पांडेय के कूल्हे में चोट लग गई। परिवारीजन उन्हें लेकर राम सागर मिश्र हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां हड्डी रोग विभाग के डॉ. अशोक कुमार ने मरीज को देखा। रेडियोलॉजी की जांच कराई। जिसमें दाहिनी तरफ का कूल्हा फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने बाईपोलर कूल्हा प्रत्यारोपण की सलाह दी।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि मरीज का कूल्हा प्रत्यारोपण कराने के लिए परिवारीजन राजी हो गए। डॉ. अशोक कुमार, डॉ. यूएस लाल, डॉ. सुमित महराज ने मिलकर ऑपरेशन किया। एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. अंशु व फहीम ने मरीज को बेहोशी दी। डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज ठीक है।
डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि अस्पताल में लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। नतीजतन ओपीडी व भर्ती मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। बीते माह ओपीडी मरीजों की संख्या में करीब 34 प्रतिशत एवं पैथोलॉजी जांच में 22 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस संख्या को और बढ़ाने का लक्ष्य है। ताकि दूर-दराज के मरीजों को अस्पताल में और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सके।
टिप्पणियां