पुलिस बूथ में दो पक्षों में चले लात-घूसे चले
पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
लखनऊ। पारा इलाके की बुद्धेश्वर पुलिस बूथ में 19 जून की देर रात दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दो युवकों ने एक–दूसरे को लात–घूसे मारे। एक-दूसरे को घसीट-घसीटकर पीटा। पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उस पर लोगों ने अलग–अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं।
पुलिस के अनुसार, पारा में राधेश्याम, अंकुश, आकाश और अनुपम सिंह रहते हैं। 19 जून की रात बारिश हो रही थी। अनुपम सिंह बाइक लेकर पुल के नीचे खड़ा था। पीछे से आए राधेश्याम, अंकुश और आकाश ने कई बार हॉर्न बजाया। इसको लेकर उनका अनुपम सिंह से झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों में काफी देर तक गाली–गलौज हुई। उसके बाद दोनों पक्ष बुद्धेश्वर पुलिस बूथ पहुंचे। वहां पर भी दोनों पक्ष भिड़ गए। पुलिस कर्मियों के सामने ही चौकी में एक–दूसरे को गालियां देने लगे। मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस कर्मियों ने बीच–बचाव करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। स्थानीय लोग भी बीच–बचाव में आए। उसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए राधेश्याम, अंकुश, आकाश और अनुपम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
टिप्पणियां