दिल्ली में अगले चार दिनों के भीतर दस्तक दे सकता है मानसून
नई दिल्ली। दिल्ली में अगले चार दिनों में यानी अगले सप्ताह मानसून दस्तक दे सकता है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले चार दिनों में आमतौर पर बादल छाए रहने और कभी-कभी बूंदा-बांदी के साथ गर्मी और उमस रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी की गई जानकारी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों और लद्दाख के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
विभाग ने बताया कि अगले 2 दिनों के दौरान उत्तरी अरब सागर के शेष हिस्सों, राजस्थान के कुछ और हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के शेष हिस्सों और जम्मू और कश्मीर-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों, लद्दाख के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
मंगलवार तक जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों तथा चंडीगढ़ और दिल्ली के शेष भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं।उल्लेखनीय है कि दिल्ली में मानसून आमतौर पर 27-30 जून के आसपास आता है। इस साल मौसम विभाग ने एक सप्ताह पहले मानसून पहुंचने की संभावना जताई थी।
टिप्पणियां