राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर भीषण हादसा, तीन सगे भाइयों की मौत; सात लोग घायल
बिजनौर/हापुड़। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर गढ़मुक्तेश्वर और हापुड़ के बीच रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव मानियावाला निवासी तीन सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे में सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव मानियावाला निवासी जहूर अहमद का परिवार करीब 30 वर्षों से दिल्ली में रह रहा है। परिवार के सदस्य किसी काम से गांव आए हुए थे और रविवार रात स्कॉर्पियो कार से वापस दिल्ली लौट रहे थे। कार में जहूर अहमद के पुत्र अबरार (48), अफजाल (35) और सरफराज (40) समेत परिवार के अन्य सदस्य सवार थे।
बताया गया कि रविवार सुबह परिवार के लोग जसपुर से गांव मानियावाला पहुंचे थे। नाश्ता करने के बाद वे कालागढ़ घूमने गए और शाम करीब साढ़े पांच बजे स्कॉर्पियो से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इसी दौरान गढ़मुक्तेश्वर-हापुड़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मुस्तफाबाद से कुछ युवक स्कॉर्पियो कार से बिजनौर में एक बरात में शामिल होने जा रहे थे। गढ़ क्षेत्र में अचानक एक पशु कार के सामने आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। स्कॉर्पियो पशु से टकराने के बाद डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां सामने से आ रही अर्टिगा कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में स्कॉर्पियो सवार अबरार, अफजाल और सरफराज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस्तखार, जुनैद और चालक शहजाद समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है।
मृतकों के परिवार में पत्नी और तीन-तीन बच्चे हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव मानियावाला में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि जहूर अहमद का परिवार दिल्ली में कारोबार करता है और समय-समय पर रिश्तेदारों व परिचितों से मिलने गांव आता रहता था।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
