बरसात के मौसम में सभी नालियों की विशेष अभियान चलाकर कराई जाय सफाई - कीर्ति प्रकाश भारती
बस्ती - जनपद को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती मंगलवार को सुबह 6 बजे नगर पंचायत बभनान पहुंचे। उनके साथ उपजिलाधिकारी राजेश यादव, मण्डल कार्यक्रम प्रबंधक अमरेन्द्र प्रताप सिंह और नगर पंचायत बभनान की अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह भी मौजूद रहीं।मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने नगर के विभिन्न मोहल्लों और वार्डों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान वे रास्ते में मिले आम जनमानस से मिले, उनका हाल-चाल जाना और उनकी समस्याओं को भी सुना। स्थानीय लोगों ने नाली, सफाई और अतिक्रमण को लेकर अपनी बातें रखीं। वहीं वार्ड में हो रहे सीसी रोड निर्माण का भी निरीक्षण किया और बन रहे सीसी रोड की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का अधिकारियों को निर्देश दिया मुख्य राजस्व अधिकारी ने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
भ्रमण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था सामान्यतः संतोषजनक पाई गई। लेकिन कुछ जगहों पर नालियों में गंदगी देखकर मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में सभी नालियों की सफाई विशेष अभियान चलाकर कराई जाए। ताकि हो रहे बरसात से पानी निकालने में समस्या ना हो।बाजार क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति देखी गई। मुख्य राजस्व अधिकारी के निर्देश पर तत्काल अतिक्रमण हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। उन्होंने कहा कि फुटपाथ और सड़कें आमजन के लिए हैं, इन्हें अवरुद्ध नहीं होने दिया जाएगा। उपजिलाधिकारी राजेश यादव ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजारों में नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने नगर पंचायत के एमआरएफ सेंटर का भी जायजा लिया। केंद्र अभी पूर्ण रूप से संचालित नहीं था। इस पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह को एक सप्ताह के अंदर एमआरएफ सेंटर को शुरू कर कचरा प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।मुख्य राजस्व अधिकारी ने निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता भी परखी और संबंधितों को समय से गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को साफ-सफाई और बेहतर सुविधाएं मिलें। इसके लिए फील्ड में रहकर ही काम करना होगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
