पौधरोपण तभी सफल, जब पौधे वृक्ष बनें - रवीश मिश्र
शिक्षकों ने पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बस्ती (हर्रैया) - प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत विकासखण्ड हर्रैया के कंपोजिट विद्यालय टूटीभीटी नाथपुर में सोमवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बरगद, नीम, आंवला, अमरूद, चितवन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, शिक्षामित्रों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर एआरपी और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष रवीश कुमार मिश्र ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे वृक्ष बनें। जिला संगठन मंत्री विवेक कान्त पाण्डेय ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। विद्यालयों से शुरू होने वाला पौधरोपण अभियान बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करता है। प्रत्येक शिक्षक और छात्र को इस अभियान से जुड़कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से शिक्षक संकुल बृजेंद्र पाण्डेय, प्रधानाध्यापिका रश्मि यादव, शिक्षक उपेन्द्र तिवारी, अनीता द्विवेदी, विट्टन, किरन आदि मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
