मुरादाबाद: 'मुझे मत ढूंढ़ना', युवक-युवती ने रामगंगा में लगाई छलांग, तलाश जारी
पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों का रेस्क्यू अभियान जारी
- कटघर पुल से युवक-युवती ने हाथ पकड़कर रामगंगा नदी में छलांग लगाई।
- युवक की पहचान तुषार के रूप में, युवती की शिनाख्त अभी नहीं।
- छलांग से पहले युवक ने ताऊ को भेजा था, "मुझे मत ढूंढ़ना" संदेश।
मुरादाबाद। मुरादाबाद महानगर के थाना कटघर क्षेत्र में शनिवार शाम एक युवक-युवती ने रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर थाना कटघर पुलिस, एनडीआरएफ की टीम व गोताखोर मौके पर पहुंचकर और रेस्क्यू शुरू कर दिया।
रात्रि 9 बजे तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका था। वहीं प्रारंभिक जांच में पता चला है के नदी में कूदने से पहले युवक ने अपने ताऊ को मोबाइल पर एक एसएमएस संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था मुझे मत ढूंढ़ना।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे युवक और युवती कटघर पुल के पास पहुंचे। दोनों कुछ देर तक नदी किनारे खड़े रहे और फिर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर अचानक रामगंगा में कूद गए।
यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की शुरुआती जांच में युवक की पहचान कटघर थाना क्षेत्र के सूरज नगर निवासी तुषार के रूप में हुई है।
युवती की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक के परिजनों से भी संपर्क किया गया है।
जांच के दौरान पता चला कि नदी में कूदने से पहले तुषार ने अपने ताऊ को मोबाइल पर एक संदेश भेजा था। मैसेज में लिखा था मुझे मत ढूंढ़ना। मेरी बुलेट कटघर पुल पर खड़ी है। दूसरी चाबी लेकर उसे ले जाना। इसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने मामले में बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। रामगंगा नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों की तलाश लगातार जारी है। युवक की पहचाच हो चुकी हैं, वहीं युवती की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है। दोनों के मिलने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
