बस्ती के शिवम पाण्डेय ने रचा नया कीर्तिमान, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वॉन्डो अंपायर कोर्स में सफलता
मलेशिया टूर्नामेंट के लिए भी चयन
बस्ती - जनपद बस्ती के मुंडेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर रेवटी निवासी एवं उर्मिला एजुकेशनल एकडमी के छात्र शिवम पाण्डेय ने ताइक्वॉन्डो के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। खेल के प्रति उनकी लगन और निरंतर मेहनत ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा दिया है।
शिवम अब तक दो बार राज्य स्तरीय, एक बार राष्ट्रीय स्तरीय तथा एक बार जिला स्तरीय ताइक्वॉन्डो प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि हाल ही में 4 एवं 5 जुलाई 2026 को गोरखपुर में ITF द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वॉन्डो अंपायर कोर्स में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करना रही। इस कोर्स में उन्होंने ताइक्वॉन्डो प्रतियोगिताओं में अंपायरिंग एवं जजिंग के अंतरराष्ट्रीय मानकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया, जो उनके खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
शिवम की प्रतिभा को देखते हुए उनका चयन मलेशिया में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ताइक्वॉन्डो टूर्नामेंट के लिए भी हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि पूरे बस्ती जनपद के लिए गर्व का विषय है।
शिवम पाण्डेय ने अपनी सफलता का श्रेय उर्मिला एजुकेशनल एकडमी और विद्यालय प्रबंधन के साथ-साथ विनय शुक्ला के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना केवल स्वयं आगे बढ़ना नहीं है, बल्कि बस्ती के अधिक से अधिक बच्चों को ताइक्वॉन्डो से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि बच्चों को सही दिशा, बेहतर प्रशिक्षण और उचित सहयोग मिले तो वे भी देश और विदेश में बस्ती का नाम रोशन कर सकते हैं। शिवम की यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
