लखीमपुर-खीरी,11 जुलाई(तरुणमित्र)। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिंगाही पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त की अपराध से अर्जित संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य का ट्रैक्टर कुर्क कर लिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी निघासन के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सिंगाही दिलीप कुमार चौबे के नेतृत्व में शनिवार को थाना सिंगाही पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार थाना तिकुनियां में पंजीकृत मु.अ.सं. 219/2025 धारा 2(b)(ii)/3 उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 से संबंधित वांछित अभियुक्त गुरप्रीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी ग्राम रननगर, थाना तिकुनियां द्वारा अपराध से अर्जित धन से खरीदे गए ट्रैक्टर (UP31 CF 8476, मॉडल NH3600 TX Plus) को कुर्क किया गया। ट्रैक्टर की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत अभियुक्त की अपराध से अर्जित संपत्ति के जब्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई थी। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में शनिवार को क्षेत्राधिकारी निघासन शिवम कुमार, नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार, प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे, थाना सिंगाही पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को विधिवत कुर्क कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी,ताकि संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।