चेंगलपट्टू संरक्षण केंद्र से 12 किशोर फरार, वार्डन-सुरक्षाकर्मी पर हमला से मचा हड़कंप
तीन लोगों से लूटपाट कर आरोपी हुए फरार
- पुलिस के त्वरित कार्रवाई में तीन को दबोचा शेष नौ की तलाश जारी
चेंगलपट्टू। तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले स्थित आथूर सरकारी संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र से रविवार देर रात 12 किशोर वार्डन और सुरक्षाकर्मी पर हमला कर फरार हो गए। भागने के दौरान उन्होंने रास्ते में तीन लोगों से मारपीट कर उनके दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी छीन लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन किशोरों को पकड़ लिया है, जबकि शेष नौ की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, चेंगलपट्टू के निकट आथूर फलोद्यान क्षेत्र में कांचीपुरम-चेंगलपट्टू राजमार्ग पर स्थित इस सरकारी संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र में विभिन्न मामलों में शामिल 18 वर्ष से कम आयु के किशोरों को रखा जाता है। यहां उन्हें बेकरी सहित कई व्यावसायिक प्रशिक्षण भी दिए जाते हैं। वर्तमान में केंद्र में तमिलनाडु के विभिन्न जिलों से लाए गए 72 किशोर रह रहे हैं।
ये खबर भी पढ़े : भीलवाड़ा: एमसीएच में छह दिन में 5 प्रसूताओं की मौत, सिजेरियन ऑपरेशन के बाद बिगड़ी थी हालत रविवार देर रात वार्डन जब किशोरों को भोजन देने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुलते ही 12 किशोरों ने उन पर हमला कर दिया और बाहर निकल आए। इसके बाद उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मी एझुमलाई पर भी हमला किया, उनसे मुख्य गेट की चाबी छीन ली और गेट खोलकर परिसर से फरार हो गए।
फरार होने के बाद किशोरों ने सड़क से गुजर रहे तीन लोगों को रोककर उनके साथ मारपीट की और उनके दोपहिया वाहन तथा मोबाइल फोन छीन लिए। पुलिस के अनुसार, चार-चार किशोर तीन अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर सवार होकर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही चेंगलपट्टू तालुक पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वार्डन, सुरक्षाकर्मी तथा अन्य पीड़ितों को चेंगलपट्टू सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में लूटपाट के शिकार लोगों की पहचान कावूर निवासी पलानी, साथानांचेरी निवासी सोलैप्पन और माडम्बक्कम निवासी आरोकियासामी के रूप में हुई है।
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि फरार 12 किशोरों में से छह कांचीपुरम मार्ग की ओर और छह चेंगलपट्टू मार्ग की ओर भागे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को संरक्षण केंद्र में तैनात किया गया और पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई में तीन फरार किशोरों को पकड़ लिया गया है। शेष नौ किशोरों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
