हाइवे किनारे चाय पी रहे दो बुजुर्गों को डीसीएम ने रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर
सूचना पर पहुंची पुलिस ने भेजा सीएचसी, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
- अनियंत्रित तेज रफ्तार डीसीएम टक्कर मारकर फरार
मोहनलालगंज। लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात डीसीएम ने सड़क किनारे होटल पर चाय पी रहे दो बुजुर्गों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी मोहनलालगंज भेजा, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मंगलवार सुबह करीब 6:25 बजे निगोहां थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के पास हाईवे किनारे स्थित एक होटल पर गांव निवासी हरिशंकर (67) और अयोध्या प्रसाद (70) चाय पी रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रही तेज रफ्तार अज्ञात डीसीएम अनियंत्रित होकर दोनों को टक्कर मारते हुए फरार हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी मोहनलालगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हरिशंकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अयोध्या प्रसाद का इलाज जारी है। इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार डीसीएम की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
वाहन की तलाश के लिए पुलिस की टीम तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच कर रही है। हरिशंकर अपने पीछे पत्नी सुशीला, तीन बेटे राजेंद्र, जितेंद्र और महेंद्र तथा दो विवाहित बेटियां आशा और उषा को छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
