नशे में धुत युवती ने सहेलियों पर चढ़ाई कार, पुलिस ने शिकायत पर शुरू की जांच
गोमतीनगर पुलिस ने मामला किया दर्ज
- युवती को लिया हिरासत में,कार जब्त की
- सहेली गंभीर रूप से घायल
लखनऊ। गोमतीनगर स्थित समता मूलक चौराहे पर रविवार शाम मामूली कहासुनी के बाद एक युवती ने स्कूटी सवार सहेलियों पर कार चढ़ा दी। उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। सहेली के परिजनों का आरोप है कि कार चला रही युवती नशे में थी और कार में शराब की बोतलें भी रखी थीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
अलीगंज निवासी बबिता सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी नैना सिंह (27) अपनी सहेली के साथ एक्टिवा से समता मूलक चौराहे की तरफ जा रही थी। इसी दौरान एक कार सवार युवती से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि कार सवार युवती ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि अब देख, तेरे साथ क्या करती हूं।
बबिता सिंह के मुताबिक, इसके बाद जैसे ही नैना एक्टिवा लेकर आगे बढ़ी, कार सवार युवती ने पीछे से टक्कर मारते हुए गाड़ी उसकी एक्टिवा पर चढ़ा दी। हादसे में नैना कार के नीचे दब गई, जबकि एक्टिवा कार के पहिए में फंस गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कार हटाकर नैना को बाहर निकाला। इस दौरान भी कार सवार युवती गाली-गलौज करती रही।
गंभीर रूप से घायल नैना को इलाज के लिए सेंट जोसेफ अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी बाईं टांग दो जगह से टूट गई है और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता की मां का आरोप है कि कार चला रही युवती शराब के नशे में थी और कार के अंदर शराब की बोतलें रखी थीं। मामले में थाना प्रभारी गोमतीनगर ब्रजेश चंद्र तिवारी का कहना है तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार पुलिस के कब्जे में है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
