भातखण्डे विवि में निशुल्क एचपीवी टीकाकरण शिविर
लखनऊ। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय में स्थापित महिला अध्ययन केंद्र द्वारा सोमवार को निशुल्क एचपीवी टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। टीकाकरण कार्य यूसीएससी रेड क्रॉस अस्पताल,कैसरबाग की विशेषज्ञ टीम द्वारा कराया गया। इस स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर रोगों से बचाव के लिए टीकाकरण के प्रति जागरूक करना साथ ही उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा। कुल दो छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जो मुख्यतः त्वचा एवं जननांगों को प्रभावित करता है तथा दीर्घकाल में सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य गंभीर रोगों का कारण बन सकता है।
एचपीवी वैक्सीन इस संक्रमण से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है तथा समय पर टीकाकरण कराने से कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार यह टीका 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए अत्यंत लाभकारी है तथा इस आयु वर्ग में इसे निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।कुलपति प्रो० माण्डवी सिंह ने बताया कि कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल छात्राओं के स्वास्थ्य के प्रति अत्यंत संवेदनशील हैं तथा उनके द्वारा समय-समय पर बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु महत्वपूर्ण निर्देश प्राप्त होते रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि “ छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है। एचपीवी टीकाकरण जैसे कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य संरक्षण सुनिश्चित करते हैं, बल्कि एक जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
