केजीएमयू के डॉ. सतीश को मिली अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप
— जिपमर, पुडुचेरी में आयोजित आईएमएसएकॉन-2026 में मिला सम्मान
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय ,केजीएमयू के मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार को 41वें इंटरनेशनल मेडिकल साइंसेज अकादमी कॉन्फ्रेंस (इंटरनेशनल मेडिकल साइंसेज एकेडमी के फेलो) फेलोशिप से सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, पुडुचेरी में आयोजित हुआ। सम्मेलन में देश-विदेश के वरिष्ठ चिकित्सकों, वैज्ञानिकों एवं चिकित्सा शिक्षकों ने भाग लिया। डॉ. सतीश कुमार को चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, वैज्ञानिक प्रकाशनों तथा रोगी सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से केजीएमयू के साथ चिकित्सा जगत में हर्ष का माहौल है। सम्मेलन में चिकित्सा विज्ञान के नवीन शोध, कृत्रिम बुद्धिमत्ता का चिकित्सा क्षेत्र में उपयोग, आधुनिक उपचार पद्धतियों, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम तथा चिकित्सा शिक्षा में नवाचार जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। जवाहर नवोदय विद्यालय, अयोध्या के पूर्व छात्र डॉ. सतीश कुमार ने इस उपलब्धि पर कहा, "यह सम्मान मेरे गुरुजनों, सहकर्मियों और विद्यार्थियों के सहयोग का परिणाम है। भविष्य में भी मैं चिकित्सा अनुसंधान, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और रोगी सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहूंगा।"
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
