भातखण्डे विवि में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
— “ उठो बढ़ो हाथ मिलाओ, माँ के नाम पेड़ लगाओ ” संदेश के साथ हुआ वृक्षारोपण
लखनऊ। “ उठो बढ़ो हाथ मिलाओ, माँ के नाम पेड़ लगाओ ” रविवार को भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय में ‘ मिशन छाया ’ के तहत वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो० मांडवी सिंह द्वारा पौधारोपण कर किया गया। “ उठो बढ़ो हाथ मिलाओ, माँ के नाम पेड़ लगाओ” के प्रेरक संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कुलपति प्रो० मांडवी सिंह ने बताया कि “मिशन छाया” प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में हरित आवरण को बढ़ाना एवं पर्यावरण संतुलन स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के माध्यम से हम न केवल प्रकृति का संरक्षण कर रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण भी सुनिश्चित कर रहे हैं।
कुलसचिव सुशील कुमार सिंह ने बताया कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम न होकर सतत प्रक्रिया है। “मिशन छाया” के माध्यम से हम सभी को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है, जिससे वे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर समाज को छाया, स्वच्छ वायु एवं जीवनदायिनी ऊर्जा प्रदान कर सकें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
