गोला गोकर्णनाथ-खीरी,26 अगस्त(तरुणमित्र)। गोला विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए विधायक अमन गिरी लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं और सड़क निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को उनके समक्ष रखा। विधायक के प्रयासों के बाद गोला विधानसभा क्षेत्र की पांच महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इन सड़कों की कुल लंबाई करीब 12 किलोमीटर है।
स्वीकृत सड़कों में सीतापुर-कस्ता- अलीगंज-बिजुआ मार्ग से विष्णुबहड़ संपर्क मार्ग का एक किलोमीटर, सीतापुर ब्रांच कैनाल पटरी से मनिकापुर संपर्क मार्ग का 1.30 किलोमीटर,अजान गांव से मूड़ा जवाहर होते हुए मढ़िया संपर्क मार्ग का 1.50 किलोमीटर,बसलीपुर से गुरुद्वारा होते हुए छैरासी तक 4.20 किलोमीटर तथा बहादुर नगर से पड़रिया-तिलकापुर संपर्क मार्ग का चार किलोमीटर मार्ग शामिल है। विधायक अमन गिरी ने कहा कि क्षेत्रवासियों ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसको पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए गोला विधानसभा के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी महत्वपूर्ण मांगों को पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष लगातार प्रयास किया गया जिसका परिणाम अब पांच महत्वपूर्ण मार्गों की स्वीकृति के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर संपर्क मिलेगा। इससे विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। विधायक ने बताया कि स्वीकृत पांचों मार्ग गोला विधानसभा के अलग- अलग क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
अमन गिरी ने पांचों सड़कों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। गोला विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए भी आगे लगातार प्रयास जारी रहेंगे। विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शासन के समक्ष रखा जा रहा है। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गोला विधानसभा को विकास की नई दिशा देने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। कुल मिलाकर करीब 12 किलोमीटर लंबी पांच सड़कों की स्वीकृति को गोला विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास उपलब्धि माना जा रहा है। विधायक अमन गिरी ने इसके लिए क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से विकास कार्यों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।