महिला की मौत पर हंगामा, निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज के निजी अस्पताल में दो माह पूर्व हुए आपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों ने अस्पताल ले जाकर दिखाया लेकिन आरोप है कि डॉक्टर ने जल्द सुधार का भरोसा देकर घर वापस भेज दिया। मंगलवार को महिला की हालत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टर ने इलाज में हाथ खड़े कर दिए। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहनलालगंज के कुढ़ा गांव के रहने वाले लवकुश की पत्नी सुनीता का 30 जून को कनकहा के निजी अस्पताल में पेट का ऑपरेशन हुआ था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही सुनीता को पेट दर्द की शिकायत रहती थी। लेकिन निजी अस्पताल के डॉक्टर ने जल्द सुधार का भरोसा देकर शिकायत को नजरअंदाज किया।
धीरे धीरे दो माह बीत गए लेकिन सुनीता की तबियत ठीक नहीं हुईं मंगलवार को उसकी हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे फौरन निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। लेकिन आरोप है कि निजी अस्पताल ने इलाज में हाथ खड़े कर दिए। सुनीता को मोहनलालगंज के दूसरे निजी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने लखनऊ ले जाने की सलाह दी। आरोप है कि रास्ते में सुनीता ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पुलिस को देकर परिजनों ने शव सीएचसी ले जाकर निजी अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर शिकायत दी। एसएचओ रामबाबू सिंह ने बताया महिला की मौत की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया गया था। शिकायत मिलने पर जांच कराकर यथोचित कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
