धौरहरा-खीरी,26 अगस्त(तरुणमित्र)। बुधवार सुबह तहसील परिसर के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक नशे की हालत में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक करीब दो घंटे तक टावर पर बैठा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और परिजन मौके पर पहुंच गए। काफी समझाने-बुझाने और आश्वासन के बाद युवक नीचे उतरा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला फतेहनगर निवासी शाबान (28) पुत्र चुन्ना बुधवार सुबह करीब 10 बजे तहसील परिसर के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी दिनेश शर्मा, उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह तथा फायर सर्विस के जवान मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
बताया गया कि युवक अपनी पत्नी की बेवफाई को लेकर काफी आक्रोशित था। टावर से वह अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर आरोप लगाते हुए परिजनों और प्रशासन के सामने अपनी मांग रख रहा था। मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे काफी समझाया तथा शांत रहने की अपील की। करीब दो घंटे चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवक उनकी बात मानकर टावर से नीचे उतर आया।
युवक के नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। वहीं, कोतवाली परिसर में मौजूद युवक की पत्नी ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया और बाद में अपने मायके सिंगाही चली गई।
चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शाबान के विरुद्ध पूर्व में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल चोरी से संबंधित करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।