अंबेडकरनगर में बारिश बनी आफत, दीवार गिरने और बिजली की चपेट में आने से दो की मौत
मालीपुर में मलबे में दबकर ग्रामीण की मौत, बसखारी में पेड़ पर गिरी बिजली से बुजुर्ग ने गंवाई जान, महिला झुलसी
अंबेडकरनगर। जिले में बुधवार को हुई बारिश जहां किसानों के लिए राहत लेकर आई, वहीं कई परिवारों के लिए आफत बन गई। मालीपुर क्षेत्र में मिट्टी की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं बसखारी क्षेत्र में पेड़ पर बिजली गिरने से उसकी चपेट में आए बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि एक महिला झुलस गई। उधर, कटेहरी क्षेत्र में बारिश के कारण एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। बारिश के चलते शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई स्थानों पर जलभराव और कीचड़ से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मिट्टी की दीवार गिरने से ग्रामीण की मौत
मालीपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में बुधवार सुबह करीब आठ बजे मिट्टी की पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय 53 वर्षीय प्रकाश सोहन पुराने मिट्टी के छप्पर के पास बैठकर चाय पी रहे थे। दीवार गिरने से वह मलबे में दब गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में प्रकाश सोहन को सीएचसी नगपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान अरविंद कुमार के अनुसार प्रकाश खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन पुत्र अर्जुन, अजीत और आनंद हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
मालीपुर थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दे दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत, महिला झुलसी
दूसरा हादसा बसखारी क्षेत्र में हुआ। संदहा मजगवां (मुसरा) निवासी 65 वर्षीय सतीराम बुधवार को खाद लेने के लिए घर से निकले थे। बसखारी बाजार से लौटते समय बारिश होने लगी तो वह नाऊनगर चौराहे के पास डड़वापुर में एक गुमटी के पास रुक गए।
बताया गया कि इसी दौरान पास के पेड़ पर अचानक बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से सतीराम और गुमटी पर पान लगा रही 32 वर्षीय हीरावती झुलस गईं। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल सीएचसी बसखारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सतीराम को मृत घोषित कर दिया। हीरावती का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अरुण कुमार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। थाना निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कच्चा मकान गिरा, कोई हताहत नहीं
कटेहरी क्षेत्र में भी बारिश के कारण एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
धान और गन्ने की फसल के लिए बारिश लाभकारी
दूसरी ओर, जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। श्रवण क्षेत्र के बैजपुर, बेनीपुर, घरवासपुर, तिवारीपुर, सबना, नारायणपुर, खिदिरपुर, कुड़िया और चितौना समेत कई गांवों में बारिश को धान और गन्ने की फसल के लिए लाभकारी बताया जा रहा है।
किसान राहुल वर्मा और अंकित वर्मा ने बताया कि बारिश से फसलों को फायदा होगा, लेकिन तेज हवा चलने पर गन्ने की फसल गिरने से नुकसान की आशंका बनी हुई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
