केजीएमयू में खेलो इंडिया पर हुआ संवाद
— प्रतिभागियों को “ विकसित भारत – नशा मुक्त युवा ” की दिलाई शपथ
— केंद्रीय राज्य मंत्री ने नशे से दूर व खेल को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का दिया संदेश

लखनऊ। युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन, प्रतिभा विकास, युवा नेतृत्व और विकसित भारत के निर्माण से जोड़ना रहा के लिए गुरुवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुप्रिया पटेल,केंद्रीय राज्य मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक, भारत सरकार रहीं। इसके पश्चात कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर के लाइव प्रसारण से जुड़ा। माय भारत स्वयंसेवक द्वारा कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी एवं आवश्यक ब्रीफिंग दी गई। सुबह ग्यारह बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल आगमन हुआ।
अनुप्रिया पटेल ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने और खेल को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने आसपास के युवाओं को भी नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। युवा संवाद के उपरांत सभी प्रतिभागियों को “विकसित भारत – नशा मुक्त युवा” की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, परिसर और समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
लखनऊ में एक साथ नौ स्थान - बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय , बाबासाहेब भीम राव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नेशनल पीजी कॉलेज, आर.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न टेक्नोलॉजी, सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी तथा सरस्वती डेंटल कॉलेज शामिल रहे। “ खेलो इंडिया संवाद ” ने युवाओं को खेल एवं फिटनेस के साथ-साथ युवा नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी, नशामुक्ति और विकसित भारत 2047 के व्यापक संकल्प से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों और युवाओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि भारत के युवा देश के खेल भविष्य के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण के भी महत्वपूर्ण भागीदार हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
