पुष्कर स्नान के लिए जा रहे परिवार की कार बस से टकराई, सात वर्षीय बच्ची समेत तीन की मौत
नागौर। सोमवती अमावस्या पर पुष्कर सरोवर में स्नान के लिए जा रहे एक परिवार की कार सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। जिले के जसनगर क्षेत्र में लूनी नदी की रपट पर प्राइवेट बस और इको कार की आमने-सामने टक्कर में 7 वर्षीय बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार सुबह जसनगर के निकट हुआ। कार में जैतारण क्षेत्र से एक ही परिवार के नौ सदस्य सवार थे, जो पुष्कर सरोवर में स्नान के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान जसनगर से आनंदपुर कालू की ओर जा रही एक निजी बस से उनकी कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से निकालकर तत्काल जसनगर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जितेंद्र सिंह (40) पुत्र भीम सिंह, शीला (35) पत्नी राजाराम तथा मन्नू (7) पुत्री योगेश के रूप में हुई है।
हादसे में घायल छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जैतारण भेजा गया, जहां से तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया। जसनगर थानाधिकारी छीतरमल ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारु कराया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग मूल रूप से करौली जिले के निवासी हैं और वर्तमान में ब्यावर जिले के जैतारण क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करते हैं। गनीमत रही कि बस में सवार करीब 20 यात्री सुरक्षित रहे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
