रोहतास जिले के आयरकोठा में व्यवसायी की पिकअप की टक्कर से मौत
डेहरी आन सोन। रोहतास जिले के आयरकोठा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रहे किराना व्यवसायी की पिकअप की टक्कर से मौत हो गईl घटना के बाद बाजार में मातम पसरा गया हैl
घटना सुबह करीब 7 बजे डेहरी बिक्रमगंज मार्ग के आयर कोठा बाजार स्थित बाबा भवन के पास मुख्य सड़क पर हुई। आयर कोठा बाजार निवासी 50 वर्षीय जयशंकर शाह उर्फ ओम प्रकाश शाह रोज की तरह टहलकर लौट रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही दूध लदी पिकअप संख्या बी आर 24 जिडी 5019 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जयशंकर उछलकर सड़क से दूर जा गिरे। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया।
मृतक जयशंकर शाह आयर कोठा थाना के ठीक सामने किराना की होलसेल दुकान चलाते थे। मिलनसार स्वभाव के कारण इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और तीन बेटियां हैं। एक बेटा और एक बेटी अभी अविवाहित हैं।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गमगीन माहौल के कारण बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं।
सूचना पर आयर कोठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिकअप नंबर के आधार पर वाहन की पहचान कर ली गई है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर बेलगाम रफ्तार पर नाराजगी जताई। लोगों की मांग है कि बाजार क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और वाहनों की गति पर नियंत्रण हो, ताकि सुबह टहलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
