जयपुर: महान शहादत की याद में मुहर्रम पर निकलेंगे 300 से अधिक ताजियों के जुलूस
जयपुर । इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन की कर्बला में दी गई महान शहादत की याद में मुहर्रम पर्व शुक्रवार को राजधानी जयपुर में अकीदत, एहतराम और गमगीन माहौल के बीच मनाया जाएगा। मुहर्रम का चांद नजर आने के साथ ही शहर के इमामबाड़ों और मुस्लिम बहुल इलाकों में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मुहर्रम के अवसर पर जयपुर शहर के विभिन्न मोहल्लों और क्षेत्रों से करीब 300 से अधिक छोटे-बड़े ताजियों के जुलूस निकाले जाएंगे। अकीदतमंद मातम और श्रद्धा के साथ ताजियों को लेकर निर्धारित मार्गों से गुजरेंगे।ताजियों के जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़ और जोरावर सिंह गेट पहुंचेंगे। इसके बाद सभी जुलूस रामगढ़ मोड़ स्थित कर्बला मैदान की ओर रवाना होंगे, जहां इस्लामी परंपरा के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इससे पूर्व गुरुवार रात को शहर के विभिन्न इमामबाड़ों से ताजियों को अदब और एहतराम के साथ बाहर निकाला गया। अकीदतमंदों ने ताजियों को निर्धारित चौराहों और स्थानों पर पहुंचाया, जहां से शुक्रवार को मुख्य जुलूसों की शुरुआत होगी। मुहर्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है,ताकि जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
