मैहर में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 14 घायल
मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के कहरी गांव में पुरानी जमीन विवाद की रंजिश ने बुधवार देर रात हिंसक रूप ले लिया।
पानी भरने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, जिसमें 7 महिलाओं सहित कुल 14 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार कहरी गांव में बंसल समाज के दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात विवादित जमीन पर पानी भरने की बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
पहले कहासुनी हुई और इसके बाद दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
घटना के बाद घायल लोग किसी तरह अमरपाटन थाने पहुंचे। थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस और पुलिस वाहन से सिविल अस्पताल पहुंचाया।
सिविल अस्पताल में एक साथ 14 गंभीर घायलों के पहुंचने से स्वास्थ्य व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। पर्याप्त बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण कई घायलों को अस्पताल के बरामदे और फर्श पर ही उपचार देना पड़ा। डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक इलाज कर उन्हें बेहतर उपचार के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। प्रथम पक्ष से सरिता बंसल, जितेंद्र, फूलचंद, साक्षी, आरती और प्रिया बंसल घायल बताए गए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से समीर, बड्डी, सोमबाई, सुरेश, पार्वती, रमेश, मुकेश और तिजियाबाई बंसल को चोटें आई हैं।
अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुराना जमीन विवाद ही घटना की मुख्य वजह सामने आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
