राघुरधाम मंदिर में महंत की सिर पर लाठी मारकर हत्या, एक गिरफ्त में
नागौर। पादूकलां इलाके के जाटावास गांव में स्थित राघुरधाम आश्रम में घुसकर 65 साल के महंत की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि सिर पर लाठी मारकर हत्या की गई है। एक आरोपित को डिटेन किया गया है। डीएसपी रामेश्वरलाल सहारण ने बताया कि राघवजी के मंदिर (राघुरधाम) महंत छोटूपुरी की हत्या की गई है। महंत रियांबड़ी क्षेत्र के सैसड़ा गांव के रहने वाले थे। जाटावास गांव के ही आरोपित रामप्रसाद को पुलिस ने डिटेन किया है। हमले की वजह क्या रही? इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। पादूकलां थाना इंचार्ज मानवेंद्र सिंह ने बताया कि महंत के मर्डर की सूचना के बाद सोमवार सुबह रियांबड़ी के सरकारी हॉस्पिटल में लोग जुटने शुरू हो गए। मौके पर उच्च अधिकारी भी पहुंचे। जाटावास सरपंच उगमाराम सारण ने बताया कि महंत का गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था। महंत रविवार रात आश्रम में बने कमरे सो रहे थे। महंत के चिल्लाने की आवाज सुनकर खेत में रखवाली करने वाले लोग भागकर आश्रम में पहुंचे। तब तक आरोपित मौके से भाग गया था। सिर में चोट लगने से महंत अचेत हो गए थे। पुलिस को सूचना देने के साथ लोगों ने महंत को अचेत अवस्था में रियांबड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राघवजी मंदिर के महंत छोटू पुरी दस साल से यहां पूजा कर रहे थे। गांव के लोगों का कहना है कि मंदिर राघवजी का है, जिसे राघुरधाम भी कहा जाता है। मंदिर दशकों पुराना है। यहां लंबे समय से महंत छोटू पुरी व्यवस्था संभाल रहे थे।
टिप्पणियां