पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, हादसे का दिया रूप
गढवा। जिले के रंका थाना क्षेत्र में 05 जून को सड़क हादसे में हुई श्रीकांत रवि की मौत का मामला पुलिस जांच में हत्या की साजिश के रूप में सामने आया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी मनीषा देवी ने अपने प्रेमी मो हसन के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी और हत्या कर मामले को दुर्घटना का रूप दिया।
मामले में पुलिस ने मनीषा देवी, उसके प्रेमी मो हसन और पिकअप चालक परवेज अंसारी उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया है।
एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने शनिवार को बताया कि मनीषा देवी ने घटना के दिन अपने पति को मायके बुलाया था। रास्ते में बरवाही के सुनसान जंगल में साजिश के तहत पिकअप से श्रीकांत की बाईक को पीछे से टक्कर मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुरुआत में घटना को अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई दुर्घटना मानकर रंका थाना में मामला दर्ज किया गया था। मृतक की मां शांति देवी के आवेदन के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ रंका रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मृतक, उसकी पत्नी और संदिग्ध मो हसन के मोबाईल का सीडीआर और टावर लोकेशन खंगाला।
पुलिस के अनुसार घटना के समय तीनों के बीच बातचीत और घटनास्थल के आसपास उनकी लोकेशन मिली। रामानुजगंज चेकनाका के सीसीटीवी फुटेज में मो हसन की अर्टिगा कार भी दिखाई दी।
पुलिस ने 28 अगस्त को मो हसन को भंडरिया मोड़, गोदरमाना से अर्टिगा सहित हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने साजिश का खुलासा होने का दावा किया।
पुलिस के अनुसार हत्या के लिये एक लाख रुपये में सौदा तय हुआ था और पिकअप चालक को 50 हजार रुपये ऑनलाईन दिये गये थे। पुलिस ने अर्टिगा कार, पिकअप, दो मोबाईल फोन और ऑनलाईन भुगतान के स्क्रीनशॉट का प्रिंट जब्त किया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
