ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज में कारोबारी की हत्या, नाती समेत 2 गिरफ्तार
हत्या के बाद घर में सामान तलाशने का भी आरोप
मालदा। मालदा शहर में 60 वर्षीय कारोबारी अर्णब सेन की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर उनके दूर के नाती शुभजीत घोष और उसके दोस्त कौशिक घोष उर्फ पचा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि, अर्णब हल्दी का कारोबार करते थे और कोलकाता में रहते थे। गुरुवार रात दोनों आरोपित उनके घर पहुंचे और चाय पी।
आरोप है कि शुभजीत ने दादा से कई लाख रुपये मांगे, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ने उनकी हत्या कर दी।
शुक्रवार सुबह अर्णब का शव उनके घर के कमरे से बरामद हुआ। गले पर धारदार हथियार के निशान मिले। कमरे में चाय की दो प्यालियां और चालू इंडक्शन देखकर पुलिस को संदेह हुआ कि हत्यारे परिचित थे।
मृतक का मोबाइल गायब था। उसकी लोकेशन करीब पांच किलोमीटर दूर मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर मोबाइल बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक ऑनलाइन गेम के आदी हैं और उन पर करीब चार लाख रुपये का कर्ज था। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने कारोबारी दादा की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद दोनों ने घर में करीब एक घंटे तक सामान भी खंगाला। मामले में पूछताछ और जांच जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
