सीएम का देवरिया दौरा जनहित से दूर, सपा जिलाध्यक्ष ने विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप
देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के देवरिया आगमन को लेकर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को जनहित के मुद्दों से दूर बताते हुए आरोप लगाया कि जिले की जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय सरकारी मशीनरी मुख्यमंत्री के स्वागत और भीड़ जुटाने में लगी रही।
व्यास यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए प्राइवेट विद्यालयों के वाहनों का इस्तेमाल किए जाने और विद्यालय बंद कराए जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के भविष्य की चिंता करनी चाहिए, न कि राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए भीड़ जुटाने की।
सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा अकारण गिरफ्तार कर रातभर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए शासन-प्रशासन को चेतावनी दिया कि इस तरह का उत्पीड़न जारी रहा तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से सड़क पर उतरकर इसका पुरजोर विरोध करेगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम पर तंज कसते हुए यादव ने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई से तैयार मंच से देवरिया के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों और युवाओं की समस्याओं पर ठोस चर्चा होनी चाहिए थी। इसके बजाय, उनके अनुसार, कार्यक्रम में जाति और धर्म के नाम पर विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने वाले भाषण सुनने को मिले।
उन्होंने कहा कि देवरिया की जनता को भाषण नहीं, बल्कि रोजगार, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और विकास चाहिए। समाजवादी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी और विपक्ष की आवाज दबाने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
