नेपाल की बाढ़ का दर्द लेकर कुशीनगर पहुंची गंडक, नदी से मिले सात अज्ञात शव
कुशीनगर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ की त्रासदी का दर्द अब गंडक (नेपाल में नारायणी) नदी के रास्ते उत्तर प्रदेश के कुशीनगर तक पहुंच रहा है। बाढ़ के तेज बहाव में बहकर आए 07 अज्ञात शव अब तक नदी क्षेत्र से बरामद किए जा चुके हैं। शवों की पहचान नहीं हो पाने से उनके परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। परिवार अपनों की तलाश में हैं, जबकि प्रशासन शवों की पहचान कराने में जुटा है।
कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने शनिवार काे बताया कि नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंडक नदी क्षेत्र से अब तक सात अज्ञात शव मिले हैं। सभी शवों को जिला अस्पताल के डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। पहचान और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक शवों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है।
शवों की पहचान के लिए जिला प्रशासन नेपाल के सीमावर्ती जिलों के प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। संभावित लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि शवों की पहचान कर उन्हें उनके परिवारों तक पहुंचाया जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि शवाें की पहचान होने के बाद सभी आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद शवाें को पूरे सम्मान के साथ परिजनों या अधिकृत प्रतिनिधि को सौंपा जाएगा। प्रशासन ने कहा कि पूरे मामले में मानवीय संवेदनाओं और मृतकों की गरिमा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
