शादी से लौट रहे व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत, पुलिस जांच जारी
शिमला। शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में एक व्यक्ति की खड्ड के पास खाई में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है और मृतक के परिजनों ने किसी तरह के संदेह से इनकार किया है।
पुलिस को गुरुवार को ग्राम पंचायत घैणी की प्रधान प्रमिला ठाकुर ने फोन पर सूचना दी थी कि नया सेर खड्ड में निर्माणाधीन पुल के पास काम कर रहे मजदूरों को एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया है। सूचना मिलने के बाद थाना सुन्नी से एएसआई चमन लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान सुन्नी की घैणी पंचायत के सनौर गांव निवासी तेज दास (55) पुत्र स्वर्गीय रूप चंद के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि तेज दास एक-दो दिन पहले पाहल क्षेत्र के काबड़ा गांव में एक शादी समारोह में गए थे। बुधवार रात वह अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार घर लौटते समय तेज दास नया सेर खड्ड के ऊपर बने पुराने पुल से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान संकरे और पथरीले रास्ते पर घना अंधेरा होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वे करीब 22 से 25 फुट नीचे ढांक में पत्थरों के बीच जा गिरे। गिरने से उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास मिट्टी और ढांक में ताजा रगड़ के निशान भी मिले, जो गिरने की आशंका की पुष्टि करते हैं। पुलिस ने शव का निरीक्षण परिजनों की मौजूदगी में किया और पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुन्नी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की जांच भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
