लाहौल-स्पीति में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, हादसे में मां-बेटे की मौत
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में बुधवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके मासूम बेटे की जान चली गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा ग्रामफू के समीप उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुग्राम (हरियाणा) निवासी दीपक कुमार सिंह अपनी कार (एमएच-14 एलपी-9048) को सड़क किनारे पार्क कर रखा था। हादसे के समय वाहन के भीतर तीन लोग मौजूद थे। अचानक अज्ञात परिस्थितियों में कार सड़क से नीचे लुढ़ककर खाई में जा गिरी।
हादसे में कार सवार तनु कुमारी (26) पत्नी दीपक कुमार सिंह, निवासी सियाराम एन्क्लेव, गुरुग्राम और उनके पुत्र दक्ष कुमार सिंह की गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को तत्काल नागरिक अस्पताल मनाली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, कार में मौजूद तीसरी सवार महिला सविता देवी (52) पत्नी मनोज सिंह, निवासी ग्राम भीखनपुरा, देसरी, जिला वैशाली (बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका उपचार नागरिक अस्पताल मनाली में जारी है।
लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेलहा ने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सड़क किनारे पार्क की गई कार आखिर किन परिस्थितियों में खाई में जा गिरी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
