अमेरिका: टेक्सास में बाढ़ से 32 मौतें, 27 लापता लोगों की तलाश जारी

अमेरिका: टेक्सास में बाढ़ से 32 मौतें, 27 लापता लोगों की तलाश जारी

टेक्सास। अमेरिका के मध्य टेक्सास में आई अचानक बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। 27 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में नावों और हेलीकॉप्टरों की मदद से खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। 
 
केर काउंटी के शेरिफ लैरी लीथा ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) देर रात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बताया कि मरने वालों में 14 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ इमरजेंसी मैनेजमेंट के प्रमुख निम किड ने कहा, 'हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक हम सभी लापता लोगों को ढूंढ नहीं लेते।'
 
पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया शोक 
इस बीच, पीएम नरेंद्र मोदी ने टेक्सास में आई बाढ़ में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'टेक्सास में आई विनाशकारी बाढ़ में लोगों, खासकर बच्चों की जान जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। अमेरिकी सरकार और शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी संवेदना।'
 
बीते 25 वर्षों में हर साल औसतन 125 लोगों की बाढ़ से गई जान
अमेरिका की राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, बीते 25 वर्षों में हर साल औसतन 125 लोगों की बाढ़ से मौत हुई है। इनमें सबसे ज्यादा मौतें अचानक आने वाली बाढ़ों के कारण होती हैं। आइये जानते हैं कि अमेरिका में बीते 25 वर्षों में सबसे घातक बाढ़ कब-कब आईं। 
 
जुलाई 2025 में टेक्सास में आई बाढ़ में अब तक 32 लोगों की मौत
इस महीने टेक्सास में तेज बारिश से ग्वाडालूप नदी में अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ में अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है और 27 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें वह लड़कियां भी शामिल हैं, जो शिविर से लापता हुई हैं। माता-पिता अपनी बेटियों की कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं, बचाव दल हेलीकॉप्टर, नाव और ड्रोन की मदद से लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान चला रहे हैं। 
 
2024 में आए तूफान हेलेन से हुई 250 लोगों की मौत 
अमेरिका में सितंबर 2024 में तूफान हेलेन ने दस्तक दी। तूफान ने फ्लोरिडा, जॉर्जिया, कैरोलिनास, टेनेसी और वर्जीनिया को प्रभावित किया। राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, इस तूफान के कारण करीब 250 लोगों की मौत हुई। इनमें ज्यादातर लोग तेज हवा से नहीं, बल्कि भीतरी इलाकों में आई भारी बाढ़ से मारे गए। यह 2005 के तूफान कैटरीना के बाद सबसे जानलेवा तूफान था। इस तूफान के चलते अकेले उत्तरी कैरोलिना में ही 108 लोगों की मौत हुई। 
 
2022 में केंटकी में आई बाढ़ में 45 लोगों की मौत
जुलाई 2022 के अंत में पूर्वी केंटकी में आई बाढ़ से 45 लोगों की मौत हो गई। एक्यूवेदर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी टायलर रॉयस ने बताया कि इस बाढ़ ने हजारों परिवारों के घर, दुकानें और जीवन की जमा पूंजी बर्बाद कर दी। स्कूल, पुल और पानी की सप्लाई सिस्टम को भी काफी नुकसान पहुंचा। 
 
जानें अमेरिका में कब-कब आए तूफान और बाढ़
अगस्त 2021 में भारी बारिश के चलते टेनेसी के छोटे से शहर वेवरली में नदियों के उफान पर आने से बाढ़ आई, जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई। 
 
अगस्त 2017 में टेक्सास में आए तूफान हार्वे से कई इलाकों में अचानक बाढ़ आई, जिसमें कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई और करीब 300,000 इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं। 
जून 2016 में वेस्ट वर्जीनिया तूफान ने दस्तक दी। इस तूफान के चलते आई बाढ़ से 23 लोगों की मौत हो गई। 
 
अक्तूबर 2012 में सुपरस्टॉर्म सैंडी तूफान ने न्यूयॉर्क और आसपास के इलाकों में दस्तक दी। इस तूफान के चलते आई बाढ़ से 147 लोगों की मौत हुई। इनमें 110 से ज्यादा मौतें डूबने से हुईं। 
 
2011 में भारी बारिश और बर्ष पिघलने से मिसिसिपी नदी में बाढ़ आ गई। इस बाढ़ के चलते ओक्लाहोमा, मिसौरी, अर्कांसस, लुइसियाना और टेनेसी में 24 लोगों की मौत हुई।
सितंबर 2008 में टेक्सास के गैल्वेस्टन शहर में तूफान आइक के चलते आई बाढ़ से 100 से ज्यादा लोग मारे गए। 
 
2005 में आया तूफान कैटरीना अमेरिका के इतिहास का सबसे घातक तूफान था। इससे न्यू ऑरलियन्स में तटबंध टूट गए और भारी बाढ़ आई, जिसमें करीब 1,400 लोगों की मौत हुई। जून 2001 में आए उष्टकटिबंधीय तूफान एलिसन से ह्यूस्टन में भारी बाढ़ आई। इस तूफान के चलते टेक्सास और लुइसियाना में 40 इंच (101 सेमी) बारिश हुई और करीब 41 लोगों की मौत हो गई। 

 

About The Author

Tarunmitra Picture

‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है। 

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां