काफिले में नियम तोड़कर रील बनाना युवक को पड़ा भारी, वाहन का पांच हजार का चालान
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में साेशल मीडिया पर काली थार वाहन व अन्य कई गाड़ियों के काफिले में नियम विरुद्ध रील बनाकर वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया।
वीडियो वायरल होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कुदरकोट पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की। वहीं थार वाहन का भी पांच हजार रुपये का चालान किया गया।
कुछ दिन पूर्व अछल्दा थाना क्षेत्र के एक मार्ग पर कई गाड़ियों का काफिला निकला था जिसमें कुछ युवक नियम विरुद्ध गाड़ियों पर रील बना रहे थे, इसके बाद रील का साेशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था, जिसमें एक युवक काली थार के साथ रील बनाकर उसे विभिन्न प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहा था।
मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की। जांच में युवक की पहचान गांव कुदरकोट निवासी शिवम यादव के रूप में हुई। रविवार को क्षेत्राधिकारी पी. पुनीत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने युवक को थार सहित गिरफ्तार कर लिया और थार का पांच हजार रूपये का चालान काटते हुए युवक पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि युवक कुदरकोट में एक काॅलेज का प्रबंधक भी है । उसकी गतिविधियों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने तथा आमजन में भ्रम फैलने की संभावना थी। इसके चलते उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा गया।
इसके अलावा वीडियो में प्रयुक्त थार वाहन के दस्तावेजों और नियमों की जांच के बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत पांच हजार रुपये का चालान किया गया। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी के साथ सामग्री प्रसारित करने की अपील की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
